इटाहार में तृणमूल नेता गिरफ्तार, सरकारी योजना के नाम पर लाखों की ठगी का आरोप

0
77c0d0962fbae990e79b1f3b3138cb82

उत्तर दिनाजपुर{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल के इटाहार में सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान इटाहार ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष और जिला परिषद के कृषि कर्माध्यक्ष कार्तिकचंद्र दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपित को शनिवार देर रात इटाहार थाना क्षेत्र के चूड़ामण इलाके स्थित उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
मामले की शिकायत लालगंज गांव निवासी क़ुरबान अली ने दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर सरकारी परियोजना के तहत सोलर पंप लगवाने का झांसा देकर कार्तिक दास ने उनसे मोटी रकम वसूले। हालांकि, लंबे समय बीतने के बाद भी पंप नहीं लगाया गया और पैसे भी वापस नहीं किए गए। बार-बार मांग करने के बावजूद रकम वापस न मिलने पर पीड़ित ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपित को रायगंज जिला अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *