रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड के पूर्व अधिकारियों के आवासों पर सीबीआई की छापेमारी

0
40d1a3d7ef089c2995ce7986da314fff

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने एडीए समूह की कंपनियों में से एक ‘रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड’ के खिलाफ दर्ज एक मामले के सिलसिले में गुरुवार को 7 परिसरों पर तलाशी ली। ये परिसर तीन शहरों मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु स्थित हैं।
कंपनी के तत्कालीन सीईओ, सीएफओ और निदेशकों के आवासीय परिसरों पर यह तलाशी की गई। इन्होंने 2015-2017 के दौरान अपनी सेवाएं दीं। यह तलाशी मुंबई के सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश के आज जारी तलाशी वारंट के आधार पर की गई। तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए और आगे की जांच जारी है।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने पिछले कुछ महीनों में अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह के खिलाफ विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और एलआईसी द्वारा दर्ज शिकायतों के आधार पर हजारों करोड़ रुपये के कथित धोखाधड़ी के संबंध में सात मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कथित नुकसान की कुल राशि 27,337 करोड़ रुपये है।
इन मामलों के दर्ज होने के बाद सीबीआई ने पिछले कुछ महीनों में 31 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया था। रिलायंस कम्युनिकेशंस के संयुक्त अध्यक्ष डी. विश्वनाथ और उपाध्यक्ष अनिल कालिया को 20 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपित फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस समूह से संबंधित मामलों की जांच की निगरानी माननीय सर्वोच्च न्यायालय कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *