एसपी कार्यालय में नवविवाहित जोड़े को लेकर बवाल, वकीलों और परिजनों में मारपीट

0

अजमेर{ गहरी खोज }: जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार दोपहर सुरक्षा की मांग लेकर पहुंचे एक नवविवाहित जोड़े के मामले ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एसपी कार्यालय परिसर में दोनों पक्षों के परिजन और वकील आमने-सामने आ गए, जहां पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। करीब आधे घंटे तक चले इस हंगामे से पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब दो बजे नवविवाहित जोड़ा सुरक्षा की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के वकीलों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में तब्दील हो गई। इसके बाद परिजन भी आपस में भिड़ गए और लात-घूंसे चलने लगे। घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी खान मोहम्मद, सीओ शिवम जोशी और सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया और दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
युवती के भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बहन पिछले पांच दिनों से लापता थी, जिसकी रिपोर्ट पहले ही दर्ज करवाई गई थी। जब परिवार बहन को लेने पहुंचा, तब दूसरे पक्ष के एक वकील ने उसके पिता को थप्पड़ मारा और बुआ के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
सीओ शिवम जोशी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। अभय कमांड सेंटर और एसपी कार्यालय परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तथ्य सामने आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार नवविवाहित जोड़ा अपनी सुरक्षा को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचा था, लेकिन पारिवारिक विवाद ने अचानक उग्र रूप धारण कर लिया। इस घटना ने पुलिस कार्यालय जैसी संवेदनशील जगह की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *