क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर ठगी करने वाला एक अन्तरराज्यीय साइबर ठग गिरफ्तार

0
3c426157dd1f19802be455b064a1c7c9

औरैया{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में साइबर थाना पुलिस ने क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन और लिमिट बढ़ाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले एक अन्तरराज्यीय साइबर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के कब्जे से 14 महंगे मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि खानपुर निवासी कासिम बेग ने शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर व्हाट्सएप के जरिए लिंक और APK फाइल भेजी। जैसे ही लिंक खोला गया, उनका मोबाइल हैक हो गया और आरोपित ने क्रेडिट कार्ड से 46,997 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। इस शिकायत पर साइबर थाना पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच और सटीक सूचना के आधार पर अमरदीप ढाबा के पास से आराेपित कमल कुमार (23) निवासी दुमका, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से 14 महंगे मोबाइल फोन (जिनमें आईफोन भी शामिल हैं) और 1100 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपित ने कबूला कि वह लोगों को बैंक कर्मचारी बनकर झांसा देता है और उनके फोन में APK फाइल इंस्टॉल कराकर डेटा हासिल करता था। इसके बाद ओटीपी के जरिए उनके क्रेडिट कार्ड से ऑनलाइन शॉपिंग कर महंगे सामान खरीदता और उन्हें सस्ते दामों पर बेच देता था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि बरामद सभी मोबाइल फोन ठगी के पैसों से खरीदे गए हैं। आरोपित के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध के मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें और अपनी बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *