चलती बसों में मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, 100 फोन बरामद

0
cf28a5deea7353f0a1af3e6992993ec8

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने चलती बसों और भीड़भाड़ वाले बस स्टैंडों पर मोबाइल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 100 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपिताें की पहचान दक्षिणपुरी निवासी 48 वर्षीय मुकेश कुमार और बदरपुर निवासी 24 वर्षीय पिंटू के रूप में हुई है।
क्राइम ब्रांच द्वारा साेमवार काे दी गई जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक गिरोह दिल्ली की चलती बसों और बस स्टैंडों पर यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी कर रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर रामपाल के नेतृत्व में टीम गठित कर संगम विहार, बदरपुर और आसपास के इलाकों में छानबीन की गई। इसके बाद टीम ने आश्रम चौक के पास जाल बिछाया, जहां संदिग्ध हालत में बैग लिए खड़े दो युवकों को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान मुकेश के पास मौजूद काले रंग के बैग से 60 मोबाइल फोन और पिंटू के नीले रंग के बैग से 40 मोबाइल फोन बरामद हुए। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपिताें ने खुलासा किया कि वे चार सदस्यों वाले संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जिसमें रमेश और राजेश नामक अन्य सदस्य भी शामिल हैं। गिरोह का एक सदस्य बस में यात्रियों के मोबाइल चुराता था, जबकि अन्य साथी भीड़ बनाकर धक्का-मुक्की और ध्यान भटकाने का काम करते थे। चोरी के तुरंत बाद मोबाइल बंद कर दिए जाते थे और एक-दूसरे को पास कर दिए जाते थे, ताकि पकड़े जाने पर किसी के पास चोरी का सामान न मिले। बाद में इन्हें सस्ते दामों पर रिसीवरों को बेच दिया जाता था।
आरोपिताें ने पुलिस को बताया कि वे इसी तरीके से अब तक करीब 500 मोबाइल फोन चोरी कर बेच चुके हैं। शुरुआती जांच में बरामद मोबाइलों में से एक फोन कालकाजी थाने के चोरी के मामले से जुड़ा मिला है, जबकि चार फोन गुमशुदगी की शिकायतों से लिंक पाए गए हैं। बाकी मोबाइल फोन की जांच जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित मुकेश पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के आठ मामलों में शामिल रहा है, जबकि पिंटू के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *