तेज रफ्तार कार पलटी, तीन दोस्तों की मौत, एक गंभीर घायल
जयपुर{ गहरी खोज }: झुंझुनूं जिले में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा धनूरी थाना क्षेत्र में झुंझुनूं-मंड्रेला रोड पर रात में हुआ। पुलिस के अनुसार चारों युवक भजन संध्या में शामिल होकर शहर लौट रहे थे। हादसा स्थल झुंझुनूं शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर स्थित है।
धनूरी थाना प्रभारी संजय गौतम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर अचानक एक जानवर आ जाने से चालक ने नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर 3 से 4 बार पलटते हुए करीब 15 फीट दूर खेत में जा गिरी। हादसे में सुनील शुक्ला (33), गौरव सैनी (21) और विजय ढंड की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार चला रहा जितेंद्र वालिया गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक हीरा की ढाणी (सोनासर) में आयोजित भजन संध्या में शामिल होकर लौट रहे थे। हादसे के वक्त उनके पीछे चल रही अन्य कारों में सवार लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों और मृतकों को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल जितेंद्र वालिया को प्राथमिक उपचार के बाद एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा बेहद भयावह था। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो कार के परखच्चे उड़ चुके थे और वह खेत में पड़ी थी। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दो शव कार के पास ही पड़े थे, जबकि तीसरे युवक का शव करीब एक घंटे बाद खेत के दूसरे छोर पर मिला। इससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को खेत से बाहर निकलवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
