‘मन की बात’ प्रेरणा का सशक्त मंच, समाज में ला रहा सकारात्मक बदलाव : मुख्यमंत्री

0
362f3b681d69f2f4c437fd14c40cd88d

देहरादून{ गहरी खोज }: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। इस कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री समाज के विभिन्न वर्गों के प्रेरक कार्यों, नवाचार, स्टार्टअप, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण और लोक संस्कृति जैसे विषयों को प्रभावी रूप से सामने रखते हैं, जिससे आमजन को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को देहरादून के मोथरोवाला क्षेत्र में स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण को सुना।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम आम नागरिकों के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मंच प्रदान करता है। इससे देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहन मिलता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण बनता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम की निरंतरता इसे करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणादायक बनाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी साख मजबूत कर रहा है। देश आज एक उभरती हुई आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित हो रहा है और विज्ञान, रक्षा तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा उपकरणों का निर्यात भी कर रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से सीमांत क्षेत्रों तक सड़क, रेल और आधुनिक सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उत्तराखंड भी विकसित भारत के संकल्प में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के राज्य के प्रति विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि ’21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक’ बनाने के संकल्प पर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है और इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में दंगारोधी कानून, धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून जैसे सख्त प्रावधान लागू किए गए हैं, जो अन्य राज्यों के लिए भी उदाहरण बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण राज्य में विकास कार्यों को गति मिली है। इस अवसर पर विधायक विनोद चमोली, दायित्वधारी प्रताप सिंह पंवार, सरिता डंगवाल, मोहित शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *