भोपाल में ठेकेदार की चाकू गोदकर हत्या, पुरानी रंजिश में हमला, 5 आरोपी नामजद, एक गिरफ्तार

0
030e9c3c82d8bad85d7a267d6b96d41f

भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोलार क्षेत्र में शुक्रवार रात एक पुताई ठेकेदार की चाकू गाेदकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है, जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी अनुसार 20 वर्षीय मृतक निखिल सितोले पुत्र सतीश सितोले सर्वधर्म दामखेड़ा क्षेत्र में रहता था। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी धनु, गोविंद, आशीष, जुगल और गन्नू नामक युवक वहां पहुंचे और उस पर चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार किए। हमले के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। परिजन निखिल को गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, मृतक और आराेपी पहले दाेस्त थे, लेकिन उनके आपराधिक व्यवहार और मोहल्ले में विवाद की घटनाओं के कारण उसने दूरी बना ली थी। बताया जा रहा है कि युवक आरोपियों की गलत हरकतों और मोहल्ले में आतंक का विरोध करता था। इसी कारण उसने उनसे बात बंद कर दी थी, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी बात पर बदमाशों ने शुक्रवार शाम उसे धमकाने का प्रयास किया। निखिल ने विरोध कर पुलिस में शिकायत की बात कही तो आरोपी उससे हाथ-मुक्कों से मारपीट कर फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने उसे मोहल्ले में न दिखने और मुंह बंद रखने की धमकी दी थी। शुक्रवार रात निखिल घर के बाहर अकेला खड़ा था। जानकारी मिलते ही आरोपियों ने चाकू-छुरी से ताबड़तोड़ वार किए। परिजन उसे लहूलुहान हालत में अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान तड़के उसकी मौत हो गई। वारदात इलाके में वर्चस्व कायम करने के लिए की गई। आरोपी आए दिन इलाके में दहशत फैलाते हैं और मुंह खोलने वालों को बेरहमी से पीटते हैं। पुलिस इन पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, नामजद आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। आरोपी जुगल, गोविंद और धनु इलाके के बदमाश हैं। वे हाल ही में हत्या के प्रयास के मामले में जेल से छूटे थे। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। टीआई संजय सोनी ने बताया कि मुख्य आरोपी धनु को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक निखिल के खिलाफ भोपाल और इंदौर में मारपीट के तीन केस दर्ज थे। रात 11:30 बजे पुलिस को साधारण झगड़े की सूचना मिली थी। इसमें धनु और आशीष द्वारा हमले की सूचना दी गई। इस आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। निखिल की मौत के बाद परिजनों ने बताया कि हमलावर दो नहीं, पांच थे। इसके बाद पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *