विक्रम सिंह मजीठिया ने ‘आप’ सरकार पर कसा तंज,भगवंत मान सरकार ने सिर्फ भर्तियां रद्द की

0
4384d5d256801715630e1821e63b2663

चंडीगढ़{ गहरी खोज }: शिरोमणि अकाली दल नेता विक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर भर्ती रद्द करने का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के शासन की पहचान अब रद्द की गई भर्तियां बन गई हैं।
विक्रम सिंह मजीठिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने इसी महीने 3,000 असिस्टेंट लाइनमैन पदों की घोषणा करने के कुछ ही दिनों के भीतर उन्हें रद्द कर दिया। उन्होंने लिखा कि भाषा विभाग में ‘प्रशासनिक कारणों’ का हवाला देते हुए दिसंबर 2025 में दो रिसर्च असिस्टेंट पदों को खत्म कर दिया गया। वहीं, परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के बाद भी दिसंबर 2025 में ही 343 मनोवैज्ञानिक पदों को रद्द कर दिया गया।
विक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि बड़े-बड़े दावों से लेकर अचानक फैसले वापस लेने तक भगवंत मान के नेतृत्व में रोजगार का यही रिकॉर्ड रहा है। पटियाला में अप्रेंटिस सड़कों पर उतर आए, लेकिन उनकी चिंताओं को सुलझाने के बजाय, पूरी भर्ती प्रक्रिया ही वापस ले ली गई।
उन्होंने ऊर्जा मंत्री संजीव अरोड़ा पर निशाना साधते हुए लिखा कि संजीव अरोड़ा बैठकें तो करते हैं, लेकिन उनके फैसलों से नीतिगत विफलता साफ झलकती है। विक्रम सिंह मजीठिया ने आगे लिखा कि पंजाब के युवा तैयारी करते हैं, परीक्षा पास करते हैं, और फिर देखते ही देखते उनकी नौकरियां रातों-रात गायब हो जाती हैं।
मजीठिया ने लिखा कि ढोंगी भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने रोजगार के सपने तो दिखाए, लेकिन बदले में सिर्फ भर्तियां रद्द कीं। कागजो पर तो गारंटियां दी गईं, लेकिन जमीनी हकीकत में सिर्फ धोखा मिला। वादे तोड़ने का यह सिलसिला अब पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *