ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी से खोया बच्चा परिवार से मिला

0
cec74f390b50218e43fe66c17d9bdd84

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक खोए हुए मासूम को उसके परिवार से मिलवाया है। घटना 15 अप्रैल की है। पुलिस के अनुसार हकीकत नगर टी-पॉइंट के पास ड्यूटी पर तैनात एएसआई बिजेंद्र की सतर्कता से संभव हो पाया।
ट्रैफिक के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई बिजेंद्र ट्रैफिक नियंत्रण ड्यूटी पर तैनात थे, तभी उनकी नजर जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन गेट नंबर-2 के पास एक 5-6 साल के बच्चे पर पड़ी। बच्चा अकेला घूम रहा था और काफी घबराया हुआ दिखाई दे रहा था। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए एएसआई ने तुरंत बच्चे के पास जाकर उसकी पहचान जानने की कोशिश की, लेकिन बच्चा अपने परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सका।
इसके बाद मामले की सूचना तुरंत उच्च अधिकारियों को दी गई। ट्रैफिक इंस्पेक्टर राजीव भारद्वाज और उत्तरी रेंज के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार अंबस्ता मौके पर पहुंचे और बच्चे के परिजनों की तलाश शुरू की गई। पुलिस टीम ने आसपास के दुकानों, रेस्टोरेंट, बैंकों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर गहन खोजबीन की, लेकिन शुरुआत में कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान एक सतर्क नागरिक ने महत्वपूर्ण जानकारी दी कि बच्चे के माता-पिता आसपास ही उसे ढूंढ रहे हैं। इसके बाद उनके संपर्क नंबर हासिल कर तुरंत फोन किया गया। कुछ ही देर में परिजन मौके पर पहुंचे और पहचान की पुष्टि के बाद बच्चे को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
बच्चे की पहचान इवान के रूप में हुई, जो फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी अमित शर्मा का बेटा है। वह अपने परिवार के साथ हकीकत नगर में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था और इसी दौरान रास्ता भटक गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *