टीएमसी ने बंगाल को बनाया लूटपाट और घुसपैठ का अड्डा : अनुराग सिंह

0
5ace8df1f9e4f2972bdfe09aaeb53cbc

हमीरपुर{ गहरी खोज }: पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बंगाल विधानसभा चुनावों के अंतर्गत कोलकाता में माली (मालाकार) समुदाय को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित कर उनसे संवाद किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हमारे माली भाई दिन के चौबीस घंटे, सप्ताह के सातों दिन और साल के बारहों महीने पिच से लेकर टर्फ और पूरे मैदान को तैयार करने व उसकी देखभाल में जुटे रहते हैं। दुनिया और दर्शक जो हरे-भरे सुंदर क्रिकेट और फुटबॉल के मैदान देखते हैं, वह उनकी मेहनत का परिणाम है। हमारे खिलाड़ी जो मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का खिताब जीतते हैं, वह भी उनकी मेहनत से ही संभव हो पाता है।
उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनने के बाद माली समाज की बेहतरी के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। मंदिरों के बाहर फूल और माला बेचकर आजीविका चलाने वाले मालाकार भाई-बहनों से टीएमसी के लोग रंगदारी वसूलते हैं, लेकिन यह सब जल्द समाप्त होगा। बंगाल में परिवर्तन निश्चित है और भाजपा सरकार आने वाली है। सरकार बनने पर बंद पड़ी भर्तियां शुरू की जाएंगी, नए खेल स्टेडियम बनाकर रोजगार के अवसर दिए जाएंगे तथा स्वरोजगार के नए साधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो बंगाल में माओवाद और तुष्टिकरण बढ़ा। बामपंथी सरकार के समय बचे-खुचे उद्योग धंधे भी तबाह हो गए और गुंडा तंत्र स्थापित हुआ। ममता बनर्जी की सरकार में क्राइम, करप्शन, गुंडाराज, माफियाराज, स्मगलिंग, कटमनी और रंगदारी का बोलबाला हो गया। इन तीनों दलों ने मिलकर पश्चिम बंगाल को लूटपाट और घुसपैठ का अड्डा बना दिया। जिस कोलकाता को सिटी ऑफ जॉय कहा जाता था, उसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया गया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि टीएमसी माँ, माटी, मानुष का नारा देकर सत्ता में आई थी, लेकिन माँ को ममता ने हड़प लिया, माटी को माफिया ने निगल लिया और मानुष को मनी पावर ने कुचल दिया। आज यह सरकार ममता-माफिया-मनी पावर की सरकार बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज बंगाल में हिन्दू सुरक्षित नहीं हैं, मंदिर सुरक्षित नहीं हैं, बेटियां सुरक्षित नहीं हैं, न्याय व्यवस्था तक सुरक्षित नहीं है, यहाँ तक कि पशु भी सुरक्षित नहीं हैं। बंगाल को विकास का सपना दिखाकर सत्ता में आई सरकार ने पिछले 15 वर्षों में राज्य को कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। पश्चिम बंगाल पर ₹8 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज है और यह देश में कर्ज के मामले में शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि भले ही राज्य सरकार ने बंगाल को नुकसान पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी हो, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बंगाल के विकास और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *