डॉक्टर के सरकारी आवास में एएनएम ने की आत्महत्या, शव सीढ़ियों पर छोड़कर फरार हुआ प्रेमी डॉक्टर

0
b496978db9491f1983e8c0c6ba3c4294

उदयपुर{ गहरी खोज }: उदयपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कानोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कार्यरत एक डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) ने आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 30 वर्षीय अनीता मीणा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपित डॉक्टर शव को सीढ़ियों पर लावारिस छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, कानोड़ सीएचसी में तैनात डॉ. सुरेंद्र बिजारणिया और राजपुरा सीएचसी में कार्यरत एएनएम अनीता मीणा के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों की मुलाकात ड्यूटी और मीटिंग्स के दौरान हुई थी। विवाद तब शुरू हुआ जब दिसंबर में डॉ. सुरेंद्र ने किसी और से शादी कर ली। अनीता लगातार डॉक्टर पर शादी का दबाव बना रही थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अनबन चल रही थी। बताया जा रहा है कि अनीता पिछले चार दिनों से डॉक्टर के सरकारी क्वार्टर में ही रह रही थी।
बुधवार देर रात अनीता ने क्वार्टर के पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। चौंकाने वाली बात यह है कि सुसाइड का पता चलने पर डॉक्टर ने शव को नीचे उतारा, लेकिन पुलिस को सूचना देने के बजाय उसे सीढ़ियों पर रखकर फरार हो गया। घटना के वक्त डॉक्टर की अस्पताल में नाइट ड्यूटी थी, लेकिन वह ड्यूटी छोड़कर भाग निकला। परिजनों की सूचना पर पुलिस सक्रिय हुई और जिले भर में नाकाबंदी कराई गई। रात करीब 1 बजे चित्तौड़गढ़ की मंगलवाड़ थाना पुलिस ने डॉक्टर को पकड़कर कानोड़ पुलिस के हवाले किया। थानाधिकारी हुकम सिंह के अनुसार, डॉक्टर और एएनएम के बीच संबंध थे। डॉक्टर की शादी के बाद से अनीता परेशान थी। फिलहाल डॉक्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *