जोशना और चोटरानी हैम्बर्ग ओपन के अगले दौर में
हैम्बर्ग{ गहरी खोज }: अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वीर चोटरानी ने हैम्बर्ग ओपन स्क्वाश टूर्नामेंट के अगले दौर में जगह बना ली है लेकिन भारत के दो अन्य खिलाड़ी वेलवन सेंथिलकुमार और तन्वी खन्ना पहले ही दौर में ही बाहर हो गए। जोशना ने महिला एकल में स्थानीय खिलाड़ी सास्किया बेनहार्ड को इस पीएसए कांस्य-स्तरीय प्रतियोगिता में 11-4, 11-5, 11-4 से आसानी से हराया, जबकि पुरुष वर्ग में विश्व के 47वें नंबर के खिलाड़ी चोटरानी ने स्पेन के इवान पेरेज पर 11-8, 11-9, 11-8 से जीत दर्ज की। पुरुष वर्ग में इस सप्ताह अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 22वीं रैंकिंग हासिल करने वाले पांचवीं वरीयता प्राप्त अभय सिंह और सातवीं वरीयता प्राप्त रमित टंडन को पहले दौर में बाई मिली है। पुरुष एकल में जापान के आर तसुकुए ने वी सेंथिलकुमार को 11-4, 11-9, 14-12 से जबकि महिला वर्ग में आयरलैंड की हन्ना क्रेग ने तन्वी खन्ना को 11-5, 11-7, 13-11 से हराया।
