कट्टा के साथ लूट की योजना बना रहे दो बदमाश गिरफ्तार, दो फरार
सुपौल{ गहरी खोज }: जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी लूट की वारदात होने से पहले ही विफल हो गई। जानकारी के अनुसार एनएच-27 स्थित पैक्स गोदाम के पास चार बदमाश लूटपाट की योजना बनाकर पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस गश्ती के दौरान मौके पर पहुंच गई, जिससे बदमाशों के मंसूबों पर पानी फिर गया।बताया जा रहा है कि चारों बदमाश एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और राहगीरों को निशाना बनाने की फिराक में थे। पुलिस वाहन को देखते ही बदमाश मौके से भागने लगे। किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए उनका पीछा किया।
करीब कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद अरहा पैक्स गोदाम के पास दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशांत कुमार (18 वर्ष), पिता योग नारायण उर्फ जोगन यादव और प्रशांत कुमार (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों प्रतापगंज थाना क्षेत्र के तीन टोलिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने प्रशांत कुमार के पास से एक देसी कट्टा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, लेकिन समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित अपराध टल गया।
फरार दो बदमाशों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई से इलाके में अपराधियों और असामाजिक तत्वों में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। किशनपुर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
