रांची में घरेलू सहायका की मौत के मामले में खुलासा, महिला सुपरवाइजर सहित दो गिरफ्तार

0
e7d838c5eb738927773676f6d02966b0

रांची{ गहरी खोज }: रांची के कांके थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग घरेलू सहायिका की मौत के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी झारखंड सरकार में महिला सुपरवाइजर के तौर पर कार्यरत सुषमा कुमारी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि नाबालिग के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी, जिसके कारण उसकी मौत हुई। पुलिस के अनुसार, सुषमा कुमारी ने नाबालिग को अपने घर काम के लिए रखा था। आरोप है कि काम के दौरान उसे रोज पीटा जाता था और अमानवीय व्यवहार किया जाता था।
शनिवार को बेरहमी से की गई मारपीट के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश करते हुए नाबालिग का शव उसके गांव पहुंचा दिया और फरार हो गए। परिजनों ने शव पर गंभीर चोट के निशान देखे तो मामला सामने आया, जिसके बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। घटना से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने कांके थाना का घेराव कर हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने खुद जांच की कमान संभाली। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें नाबालिग के साथ बेरहमी से मारपीट के स्पष्ट दृश्य सामने आए हैं। जांच में यह भी पुष्टि हुई है कि पीड़िता के साथ लंबे समय से प्रताड़ना की जा रही थी।
डीएसपी मुख्यालय अमर पांडेय ने बताया कि पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद देर रात सुषमा कुमारी और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *