डकैती का ड्रामा…पत्नी ने लिखी थी पति की हत्या की पटकथा
धार { गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के धार जिले में एक बार फिर रिश्तों के कत्ल की ऐसी दास्तां सामने आई है जिसने इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की यादें ताजा कर दी हैं। दरअसल, सरदारपुर तहसील के ग्राम गोंदीखेड़ा चरण में जिस मिर्ची व्यापारी की मौत को डकैती बताया जा रहा था, उसकी पटकथा असल में उसकी अपनी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर लिखी थी। अंतत: पुलिस ने सनसनीखेज सुपारी किलिंग का पर्दाफाश कर दिया। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम गोंदीखेड़ा चरण में अज्ञात बदमाशों ने मिर्ची व्यापारी देवकृष्ण पुरोहित (30 वर्ष) के घर में घुसकर लूटपाट की और उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप-महानिरीक्षक और धार एसपी मयंक अवस्थी, एएसपी पारुल बेलापुरकर सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। जहां बताया गया कि बदमाश लाखों के जेवर लेकर फरार हो गए।
पुलिस को शुरुआती जांच में ही डकैती की कहानी पर शक होने लगा था। जांच के दौरान तकनीकी बिंदुओं और क्राइम ब्रांच की सक्रियता से कुछ चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। जब पुलिस ने प्रियंका से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। यह मामला बिल्कुल इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड की तर्ज पर सुपारी देकर अंजाम दिया गया था। प्रियंका ने अपने प्रेमी कमलेश के साथ मिलकर देवकृष्ण को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी ताकि वे दोनों साथ रह सकें। प्रियंका मात्र 5-6 दिन पहले ही अपने मायके (पन्नाखेड़, महाराष्ट्र) से लौटी थी। मृतक देवकृष्ण अपनी मां और बहन के साथ रहते थे और हल्दी-मसाले का व्यापार करते थे। मंगलवार दोपहर जब पोस्टमार्टम के बाद उनका शव गांव पहुंचा, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। नम आंखों से मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और सुपारी लेने वाले बदमाशों की तलाश के लिए पांच टीमें जुटी हुई हैं।
घटना के बाद सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार और राजोद थाना प्रभारी रामसिंह राठौर ने भी मौका मुआयना किया। क्षेत्रीय विधायक प्रताप ग्रेवाल ने एसपी से चर्चा कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। डॉ. सचिन द्विवेदी के अनुसार, देवकृष्ण की मौत सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक खून बहने के कारण हुई है। ग्राम गोंदीखेड़ा में व्यापारी की मौत के मामले में पुलिस की पांच टीमें सर्चिंग कर रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
