पश्चिम बंगाल के लोग बदलाव के लिए तैयार, बनेगी भाजपा सरकार : सम्राट चौधरी
पटना{ गहरी खोज }: बिहार के उप मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता सम्राट चौधरी पश्चिम बंगाल में हो रहे चुनाव में प्रचार के लिए मोर्चा संभालने वाले हैं। इससे पहले उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में हो रहे विधानसभा चुनाव में वहां के लोग बदलाव के लिए तैयार हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मानना है कि बंगाल को सोने का बंगाल बनाने की प्रक्रिया शुरू करना और वहां लोकतंत्र स्थापित करना है।
उन्होंने कहा, “वहां जो घुसपैठिए हैं, उन्हें बाहर निकालना है और बंगाली अस्मिता को फिर से स्थापित करना है। जिस तरह से आजादी के लिए बंगाली समाज के लोगों ने लड़ाई लड़ने का काम किया था, उसी तरह आज वहां बदलाव के लिए लोग तैयार हैं और इस चुनाव में वहां भाजपा की सरकार बनना तय है।”
दरअसल, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पश्चिम बंगाल में चुनावी मैदान में मंगलवार को उतरने जा रहे हैं। भाजपा ने उन्हें स्टार प्रचारक बनाया है और वे हावड़ा में पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे। बताया जा रहा है कि उनका प्रचार अभियान खासकर हावड़ा और आसपास के क्षेत्रों तथा बिहार से सटे इलाकों में भाजपा को मजबूत करने पर केंद्रित रहेगा।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान दो चरणों में प्रस्तावित है। राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में मतदान कराया जाएगा। अधिसूचना के अनुसार, पहले चरण में 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी, जबकि दूसरे चरण में शेष 142 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
मतगणना चार मई को होनी है, जिसके बाद तय होगा कि वहां किसकी सरकार बनेगी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच माना जा रहा है। दोनों पार्टियां इस चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा रही हैं।
