महिला से दुष्कर्म मामले में चार आरोपित गिरफ्तार, एक फरार

0
80bd15b84d7f01c8da94c39c47cbfed6

रायगढ़{ गहरी खोज }: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोतरारोड थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आराेपित अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 37 साल की महिला अपने पति के साथ कोतरा रोड थाना इलाके में किराए के मकान में रहती है। 4 अप्रैल की रात करीब 11 बजे वह अपने पति के साथ मेन रोड पर सामान लेने गई थी। तभी मुन्ना गिरी (27) और उसके साथी ऑटो में सवार होकर वहां पहुंचे।
उन्होंने महिला को अकेली समझकर जबरन सड़क किनारे वाली दुकान के अंदर ले जाने की कोशिश की। इसे देखकर महिला के पति ने विरोध किया। तभी दीपक सिदार (23) और पिंटू निषाद (23) ने उसके पति पर हमला कर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद मुन्ना गिरी, योगेश सिदार (32) और जागेश्वर पटेल (32) ने जबरन महिला के साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देकर आरोपित वहां से फरार हाे गए। इसके बाद पीड़िता ने मामले की सूचना कोतरा रोड थाना में दी। पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ धारा 70 (1) और 115 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया और इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर पुलिस ने रविवार शाम काे दबिश दी और मुन्ना गिरी, दीपक सिदार, जागेश्वर पटेल और पिंटू निषाद को कोतरा रोड इलाके से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। वहीं आराेपित पिंटू निषाद से उस घटना में इस्तेमाल की गई ऑटो भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपितों को आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपित योगेश सिदार की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि यह बहुत गंभीर मामला है और आरोपितों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। अब तक 4 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है और फरार आराेपित की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *