बिहार में भाजपा ने मनाया स्थापना दिवस, 47 किलो बांटे गए लड्डू और 47 दीप हुए प्रज्वलित

0
IMG-20260406-WA0497

पटना{ गहरी खोज }: भाजपा सोमवार को देश-दुनिया में अपना स्थापना दिवस मना रही है। इसी के तहत बिहार भाजपा कार्यालय में भी धूमधाम से पार्टी का स्थापना दिवस मनाया गया। स्थापना दिवस को लेकर पार्टी कार्यालय भवन को फूलों और रंगीन बल्बों से सजाया गया है। इस मौके पर पार्टी कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को स्मरण किया गया। पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी का झंडा फहराया।
उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय और भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय में 47 किलो मिठाइयां भी बांटी गईं और 47 दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कार्यालय में जमकर आतिशबाजी की।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी में असंख्यक कार्यकर्ताओं का खून पसीना तो लगा ही है, कई कार्यकर्ताओं ने बलिदान भी दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले वर्ष स्थापना दिवस पर किए गए संबोधन को उद्धृत करते हुए कहा, “उन्होंने कहा था कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास के साथ काम कर रही है। हमारा समर्पण है मां भारती को, हमारा समर्पण है देश के कोटि-कोटि जनों को, हमारा समर्पण है देश के संविधान को। आज भाजपा विकास का पर्याय है, विश्वास का पर्याय है, नए विचार का पर्याय है और देश की विजय का पर्याय है।”
भाजपा अध्यक्ष सरावगी ने उपस्थित लोगों से पीएम मोदी के इन विचारों को ध्यान और आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे मनीषियों को याद करते हुए कहा कि उनके मंत्रों को लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं, जिन्होंने राष्ट्र प्रथम के मंत्र को लेकर जीवन को जीया है। जिन लोगों ने संगठन को खून पसीने से सींचा, आज वह अमृतवर्ष बनकर करोड़ों लोगों को छाया दे रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हर बूथ पर पार्टी का झंडा लहराना चाहिए और मतदाता तक विकास की गाथा पहुंचे, इसका भी संकल्प हमें लेना चाहिए। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस पर बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज 47वां साल हुआ है, लेकिन यह कामना है कि पार्टी अगले 4700 वर्ष तक जिंदा रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस चीज पर कमिटमेंट कर दिया, उससे पीछे नहीं हटती। उन्होंने इसके कई उदाहरण भी गिनाए। स्थापना दिवस पर पुराने वरिष्ठ प्रमुख लोगों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर गैर राजनीतिक परिवार से बड़ी संख्या में आए लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने सभी लोगों को सदस्यता ग्रहण कराई और पार्टी में स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *