जींद में टोल प्लाजा से गुजरना हुआ महंगा,बढ़े रेट
जींद{ गहरी खोज }: जिले के टोल प्लाजा से वाहन गुजारने पर बुधवार से पांच से लेकर 10 रुपये तक की टोल में वृद्धि कर दी गई है। बढ़ी हुई टोल दरों को वसूलना शुरू कर दिया गया है। जींद जिला की बात की जाए तो यहां तीन टोल प्लाजा हैं। इनमें जींद-नरवाना मार्ग पर खटकड़ गांव के पास खटकड़ टोल प्लाजा, जींद-पटियाला मार्ग पर बद्दोवाल गांव के पास बद्दोवाल टोल प्लाजा व जींद-सोनीपत ग्रीनफील्ड हाइवे पर भिड़ताना गांव के पास है। टोल प्लाजा के रेटों में एक अप्रैल से वृद्धि हो गई है। पहले कार के 120 रुपये लगते थे अब 125 देने होंगे खटकड़ टोल प्लाजा पर पहले कार के 120 रुपये लगते थे, जो एक अप्रैल से 125 रुपये हो जाएंगे। कार चालकों को अब खटकड़ टोल पार करने पर पहले की बजाय पांच रुपये ज्यादा देने पड़ेंगे। इसी प्रकार लाइट मोटर व्हीकल के लिए पहले 195 रुपये लगते थे, जो अब 200 रुपये हो जाएंगे। टू एक्सल हेवी व्हीकल के लिए पहले 410 रुपये लगते थे। इसमें 10 रुपये की वृद्धि हो गई है। अब इन वाहन चालकों को 420 रुपये देने होंगे। थ्री एक्सल हेवी व्हीकल के लिए पहले 445 रुपये लगते थे, जो अब 455 रुपये लगेंगे। सबसे हेवी वाहन यानी छह एक्सल के लिए पहले 640 रुपये लगते थे। इसमें अब 15 रुपये की वृद्धि हुई है। अब इन वाहन चालकों को 655 रुपये देने होंगे।
खटकड़ टोल प्लाजा अधिकारी संदीप कुमार ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि एक अप्रैल से बढ़ी हुई टोल दरों को लागू कर दिया गयाहै। पहले टोल से गुजरने पर कार चालक को 120 रुपये टोल देना होता था, जो अब पांच रुपये बढ़ कर 125 रुपये हो गए हैं। सबसे ज्यादा छह एक्सल हैवी वाहन में 15 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। नई दरों से ही टोल से गुजरने पर टोल लिया जा रहा है।
