खण्डामौदा में सड़क हादसे में टेम्पो चालक की मौत,चार लोग घायल

0
3045b7ae3a824bb09a39fd5c75915df9

पूर्वी सिंहभूम{ गहरी खोज }: पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड अंतर्गत खण्डामौदा चौक के पास बुधवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में टेम्पो चालक हराधन पाईकिरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, खण्डामौदा निवासी हराधन पाईकिरा अपने टेंपो में सवारियां लेकर पश्चिम बंगाल के गोपीबल्लवपुर जा रहे थे। टेंपो में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें प्रदीप बेरा (38), उनकी पत्नी सविता बेरा (27), उनका छह वर्षीय पुत्र शुभम बेरा और गांव के ही मनोरंजन सीट (40) शामिल थे। बताया जा रहा है कि प्रदीप बेरा अपनी पत्नी और बेटे को इलाज के लिए डॉक्टर के पास ले जा रहे थे।
इसी दौरान खण्डामौदा पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक हराधन पाईकिरा(35) सड़क पर गिर पड़े और ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में टेंपो में सवार सभी चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। एनएचएआई की एम्बुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सविता बेरा और मनोरंजन सीट की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार ट्रक की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *