नीतीश कुमार ने बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

0
ab44273fc6f46e008ece9a8d4ae5f159

पटना{ गहरी खोज }: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में भले निर्वाचित हो गए हों, लेकिन वे अभी भी प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वाल्मी (जल एवं भूमि प्रबंधन संस्थान) परिसर, पटना स्थित बिपार्ड स्किल पार्क के दक्षता भवन का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने यहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस क्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्लासरूम रूम में अध्ययन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने छात्रों से मन लगाकर अच्छे से प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील करते हुए कहा कि आप बेहतर रोजगार प्राप्त कर सकें, इसके लिए दक्षता आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार प्रदान के लिए संकल्पित है। बिहार के युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने हिमाद्री छात्रावास का भी जायजा लिया साथ ही अन्य छात्रावासों की व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने और यहां प्रशिक्षण पाने वाले छात्रों की सुविधाओं का ख्याल रखने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के युवा दक्ष एवं आत्मनिर्भर हों तथा उन्हें अधिक से अधिक रोजगार मिल सके, उनका भविष्य सुरक्षित हो इसके लिए हम लोग कृतसंकल्पित हैं।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के सचिव कौशल किशोर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। बता दें कि विधानसभा चुनाव में भाजपा और जदयू ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देने का वादा किया था। सरकार बनने के बाद इसे लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *