साइबर सेल ने दो पीड़ितों के वापस कराए 47 हजार रूपये
मीरजापुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता से दो अलग-अलग मामलों में पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है। थाना कछवां और अहरौरा की साइबर सेल टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की कुल 47 हजार से अधिक की धनराशि उनके खातों में वापस कराई है।
पहला मामला थाना कछवां क्षेत्र का है। ग्राम जोगीपुर निवासी यासिम सरवर अली ने 29 जुलाई 2025 को साइबर सेल को सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति ने फेक एपीके (APK) फाइल डाउनलोड कराकर उनके खाते से 50 हजार रुपये की ठगी कर ली। सूचना मिलने के बाद साइबर सेल टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना कछवां साइबर सेल टीम ने जांच के दौरान संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर ठगी की रकम में से 35,678 रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
वहीं दूसरा मामला थाना अहरौरा क्षेत्र का है। ग्राम घमहापुर निवासी विजय कुमार से 11 जुलाई 2025 को यूपीआई के माध्यम से गलती से 11,500 रुपये अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर अहरौरा साइबर सेल टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी 11,500 रुपये की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।
खाते में पैसे वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने संबंधित थानों पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों व साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस टीम ने उन्हें साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।
इस कार्रवाई में थाना कछवां निरीक्षक अमरजीत चौहान, उपनिरीक्षक शाहिद यादव व आरक्षी संजीत कुमार मौर्य तथा अहरौरा थानाध्यक्ष अजय मिश्र, मुख्य आरक्षी नरेंद्र सिंह, आरक्षी पवन गुप्ता और महिला आरक्षी महिमा उपाध्याय शामिल रहे।
