चौकिया धाम मार्गों के चौड़ीकरण के लिए 9.66 करोड़ मंजूर

0
b9f6a464d806f4ebaadd13a7e47d3f48

जौनपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर, में विकास कार्यों को गति देते हुए प्रदेश सरकार ने तीन प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 9.66 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की धर्मार्थ योजना के अंतर्गत इन महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी है।
यह स्वीकृति खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव के प्रयासों का परिणाम है। लम्बे समय से इन मार्गों के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे अब शासन स्तर से स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृत कार्यों के अंतर्गत तीन प्रमुख मार्गों का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इनमें जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 120ए के किलोमीटर 59 से चौकिया धाम मंदिर तक का मार्ग, चौकिया-आरा मार्ग के किलोमीटर 1 से चौकिया धाम मंदिर तक का मार्ग तथा जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 128ए के किलोमीटर 58 से श्री चौकिया धाम मंदिर तक का मार्ग शामिल है।
इन सड़कों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण से माता शीतला धाम चौकिया मंदिर क्षेत्र में आवागमन की व्यवस्था और बेहतर होगी। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, साथ ही स्थानीय लोगों को भी यातायात में राहत मिलेगी।
इसके अलावा इन मार्गों के विकास से आसपास के क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और चौकिया धाम आने-जाने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *