जेएनयू में राष्ट्र विरोधी नारेबाजी के खिलाफ वकील विनीत जिंदल ने की शिकायत
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ (जेएनयूएसयू) परिसर में निकले ‘चेतावनी जुलूस’ और कथित तौर पर वामपंथियों के दिए ब्राह्मण-ठाकुर विरोधी भड़काऊ नारेबाजी को लेकर उच्चतम न्यायालय के वकील विनीत जिंदल ने सोमवार को दिल्ली पुलिस आयुक्त को औपचारिक शिकायत दी। उन्होंने एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
वकील विनीत जिंदल ने अपने साेशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि जेएनयू में हुए एक विरोध-प्रदर्शन के दौरान ब्राह्मण व ठाकुर समाज के लिए भड़काऊ और आपत्तिजनक नारेबाजी को लेकर दिल्ली पुलिस आयुक्त को औपचारिक शिकायत दी है।
विनीत जिंदल ने कहा कि जो नारे लगाए गए वो भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत अपराध है। उन्होंने लिखा कि शिकायत में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है, ताकि ऐसे अपराध फिर न हो। उन्होंने बताया कि यूजीसी मामले की याचिका की सुनवाई के समय उच्चतम न्यायालय ने जिस बात कि चिंता जताई थी वो अब खुलकर सामने आ रही हैं। अभी तो नए नियम पर रोक है यदि लागू कर दिए जाते तो क्या होता?
