ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को कुचला, तीन बच्चों की मौत-पिता गंभीर
बूंदी{ गहरी खोज }: कोटा-भीलवाड़ा नेशनल हाईवे-27 पर बुधवार रात सड़क हादसे में एक परिवार के तीन बच्चों की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा डाबी थाना क्षेत्र में दुधी कुड़ी कट के पास हुआ। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर मुआवजे और कड़ी कार्रवाई की मांग की। डाबी थाने के एसएचओ हेमराज शर्मा ने बताया कि मदन बंजारा अपनी बेटी सुमन, बेटे अंकित और भतीजे करण (बहादुर का बेटा) के साथ पराणा गांव (बूंदी) से डाबी की ओर जा रहे थे। परिवार किसी एक बच्चे को डॉक्टर को दिखाने के लिए निकला था। इसी दौरान बिजौलिया (भीलवाड़ा) की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में आठ से दस वर्ष आयु के तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मदन बंजारा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से तत्काल कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हाईवे जाम कर दिया तथा शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचकर समझाइश में जुटा रहा।
