खेत की रखवाली कर रहे बुजुर्ग पर हाथी ने हमला किया, घायल

0
c4ca4238a0b923820dcc509a6f75849b_442456060

हरिद्वार{ गहरी खोज }: वन विभाग की हरिद्वार रेंज स्थित बिशनपुर कुंडी गांव के पास एक बुजुग ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर दिया। ग्रामीण बुधवार की देर शाम अपने खेत से लौट रहा था, उसी दौरान उसके सामने विशालकाय हाथी आ धमका और अचानक हाथी ने ग्रामीण को उठाकर पटक दिया। हादसे में बुजुर्ग के पैर की हड्डियां टूट गई।
हरिद्वार के मिस्सरपुर, जगजीतपुर, जियापोता, जमालपुर समेत कई गांव हैं, जहां वर्षों से जंगली हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। वर्षों से इस समस्या का निदान नहीं हो सका है। बीते दिन बिशनपुर कुंडी गांव के पास एक बुजुर्ग ग्रामीण धर्मपाल निवासी पुरानी कुंडी,अपने खेत में रखवाली के लिए गया था। वापस लौटते समय वहां जंगली हाथी आ धमके, हाथियों को ग्रामीणों द्वारा खदेड़ा जा रहा था। इस दौरान सामने आये बुजुर्ग को हाथी ने उठाकर पटक दिया। हाथी के हमले में बुजुर्ग के दोनों पैरों की हड्डी टूट गई।
सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी शीशपाल सिंह तुरंग टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हरिद्वार वन विभाग की एसडीओ पूनम कैंथोला भी जिला अस्पताल पहुंची और घायल बुजुर्ग का हालचाल जाना। बुजुर्ग के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल बुजुर्ग को कनखल के निजी अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने बताया कि ग्रामीण पर हाथी के हमले की सूचना मिलते ही वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची थी और टीम द्वारा ही ग्रामीण को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल ग्रामीण को परिजन निजी अस्पताल में ले गए हैं,जहां उनका इलाज चल रहा है। विभाग की ओर से तत्काल पचास हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि मुआवजे के तौर पर प्रदान की गई है। प्रावधान के अनुसार बाकी की धनराशि भी जल्द ही प्रदान की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *