बिहार विधानपरिषद में विपक्षी सदस्यों को सभापति ने दिनभर के लिए निकाला बाहर

0
20aa527e6a77b7155cd89eca934fdfcd

पटना{ गहरी खोज }: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र के आज छठवें दिन दुष्कर्म और अपराध के मामले को लेकर विपक्ष ने जमकर का हंगामा किया। विधान परिषद में तो इतना बवाल हुआ कि सभापति ने पूरे विपक्षी विधान पार्षदों को दिनभर के लिए निलंबित कर दिया। इस दौरान मंत्री अशोक चौधरी और राजद एमएलसी सुनील सिंह के बीच औकात दिखाने तक की नौबत आ गई ।
विधान परिषद में प्रश्नकाल के दौरान विपक्षी सदस्य कानून-व्यवस्था को लेकर उपमुख्यमंत्री-सह गृहमंत्री सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग पर अड़ गए। जब स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सवालों का जवाब दे रहे थे, तब भी विपक्ष की नारेबाजी जारी रही, जिसके बाद सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि प्रश्न काल को बाधित नहीं किया जा सकता है। सभी लोगों को मार्शल से आउट करिये, खाली करिये। विपक्ष के सभी सदस्यों को बाहर जाने का आदेश देता हूं। आपलोग बाहर जाइये। आज ही, दिनभर के लिए।
विधानपरिषद में जब विपक्षी सदस्य बाहर जा रहे थे, तभी मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि ये लोग सदन को हाईजैक करना चाहते हैं, जिसके बाद राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों एक-दूसरे पर चीखने-चिल्लाने लगे। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को औकात दिखाने तक की धमकी दे डाली। अशोक चौधरी ने आरोप लगाया कि दलित का अपमान कर रहे हैं। इस बीच सभापति लगातार विपक्ष को बाहर जाने को बोलते रहे। साथ ही कहा कि विपक्षी सदस्य के आचरण को संज्ञान में ले लिया गया है।
राबड़ी देवी के साथ तमाम विपक्षी सदस्य सदन से बाहर निकल गए और बाहर निकलकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बिहार विधान परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने कहा, आज हम लोगों को बाहर किया गया है। हमारी बात की सुनवाई नहीं हुई है।आसन से आदेश मिल गया कि 12 घंटे के लिए बाहर जाइए तो बाहर आ गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *