शिवसेना यूबीटी के सहयोग से चंद्रपुर नगर निगम में बना भाजपा का महापौर

0
sddefault

मुंबई{ गहरी खोज }: शिवसेना यूबीटी के सहयोग से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पार्षद संगीता खांडेकर महाराष्ट्र के चंद्रपुर नगर निगम में मंगलवार को महापौर चुनी गई हैं। जबकि शिवसेना यूबीटी के प्रशांत दानव उपमहापौर बने हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन दोनों को शुभकामनाएं दी है। चंद्रपुर नगर निगम में आज महापौर पद का चुनाव आयोजित किया गया था। इस चुनाव में भाजपा की ओर से महापौर पद के लिए संगीता खांडेकर ने नामांकन भरा था, जबकि कांग्रेस की ओर से महापौर के लिए उम्मीदवार उतारा था। चुनाव में संगीता खांडेकर को 32 वोट मिले, जबकि कांग्रेस कैंडिडेट को 31 वोट मिले। इस तरह मात्र एक वोट से खांडेकर विजई घोषित की गईं। इसी तरह उप महापौर चुनाव में भाजपा समर्थित शिवसेना यूबीटी के उम्मीदवार प्रशांत दानव को विजई घोषित किया गया।
चुनाव के बाद पूर्व मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि चंद्रपुर के विकास के लिए शिवसेना यूबीटी को साथ लेकर विकास योजना बनाई जाएगी और चंद्रपुर का विकास किया जाएगा। चंद्रपुर शिवसेना यूबीटी के जिला अध्यक्ष संदीप गिरहे ने बताया कि उनका प्रयास कांग्रेस के साथ मिलकर महापौर बनाने का था। लेकिन कांग्रेस की ओर से अपेक्षित प्रयास नहीं किया गया, इसलिए उन्होंने भाजपा को महापौर बनाने में समर्थन दिया है। यह समर्थन चंद्रपुर के विकास को ध्यान में रखकर दिया है।
उल्लेखनीय है कि चंद्रपुर नगर निगम में कुल सीटें 66 हैं, जबकि बहुमत के लिए ३४ वोट चाहिए थे। चंद्रपुर में कांग्रेस के पास सर्वाधिक 27 सीटें थीं। लेकिन महापौर पद के लिए कांग्रेस नेता विजय बडेट्टीवार और कांग्रेस सांसद के बीच तनातनी चल रही थी। इसी वजह से भाजपा ने यहां शिवसेना यूबीटी के साथ मिलकर अपना महापौर बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *