कूड़ा बीनने वाली दो लड़कियों की करंट लगने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
बस्ती{ गहरी खोज }: जिले के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के पचपेड़िया रोड पर कबाड़ बटोरने वाली दो लड़कियों की मौत हो गई। उनका शव कूड़ों के ढेर पर मिला है। जानकारी के अनुसार कूड़ा बटोरते समय दोनों लड़कियां ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट मे आ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना में बिजली विभाग की लापरवाही सामने आ रही है। स्थानीय लोगों की माने तो कबाड़ बटोरते समय दोनों लड़कियां करंट की चपेट मे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों लड़कियां रोजाना कबाड़ बटोरकर अपना जीवनयापन करती थीं। लड़कियों की पहचान कांशीराम आवास की काजल (12)पुत्री मौलबी और करिश्मा(13) पुत्री अर्जुन के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गुस्सा है। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के जिम्मेदार ध्यान देते तो इतनी बड़ी घटना न घटती। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुरानी बस्ती पुलिस छानबीन कर रही है। घटना का निरीक्षण करने पहुंचे क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
