अवैध रेत उत्खनन पर सख्त कार्रवाई, 7 हाईवा वाहन जब्त
जांजगीर-चांपा{ गहरी खोज }: जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में तहसील बम्हनीडीह अंतर्गत ग्राम पूछेली क्षेत्र में राजस्व विभाग द्वारा आज रविवार को छापामार कार्रवाई की गई, जिसमें अवैध रूप से रेत का उत्खनन एवं परिवहन करते हुए 7 हाईवा वाहनों को जब्त किया गया। जब्त किए गए सभी वाहनों को नियमानुसार खनिज विभाग एवं पुलिस बल के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां संबंधित प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिला टास्क फोर्स द्वारा सतत निगरानी रखते हुए आगे भी इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
