मंदिरों में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चांदी व नगदी बरामद

0
5ab6c41979fedf25099dad4d47f5a1a2

बाराबंकी{ गहरी खोज }: हैदरगढ़ के अवसानेश्वर महादेव मंदिर से चांदी के कीमती आभूषण व नगदी चोरी करने वाले चोरों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आज घटना का खुलासा किया। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि स्वाट / सर्विलांस व थाना हैदरगढ़ की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा दो शातिर चोरों वीरेन्द्र कुमार पुत्र रामशंकर निवासी ग्राम कछवा थाना सुबेहा जनपद बाराबंकी ,जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द विश्वकर्मा मदारपुर तिराहा थाना कोठी जनपद बाराबंकी हाल पता देवीगंज भिटरिया रोड थाना असन्द्रा जनपद बाराबंकी को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर इनके कब्जे मंदिर से चोरी की 04 किलो 769 ग्राम चांदी (गलाये गये छत्र की चांदी 579 ग्राम व अरघा की चांदी 4.19 किलोग्राम व 07 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त कटर, प्लास बरामद किया गया। पूछताछ एवं जांच से ज्ञात हुआ वीरेन्द्र कुमार शातिर किस्म का चोर है तथा मंदिरों की रेकी करने के बाद चिन्हित मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम देता है। मंदिर से चोरी किये गए चांदी आदि कीमती सामान को देवीगंज स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर जय विश्वकर्मा पुत्र कृष्णानन्द को सस्ते दाम पर बेच देता है। इस शातिर चोर द्वारा गत 3 फरवरी 2026 की रात्रि को थाना हैदरगढ़ क्षेत्रान्तर्गत अवसानेश्वर मंदिर का ताला तोड़कर मन्दिर के अन्दर से चांदी का छत्र व अरघे पर मढ़ा हुआ चांदी का पत्तर चोरी किया गया था। वहीं इससे पहले जनवरी माह के 5.जनवरी.2026 की रात उसने थाना असन्द्रा के ग्राम जरौली स्थित हनुमान मंदिर से 02 चांदी का मुकुट चुराया था। 31.जनवरी 2026 की रात्रि को थाना रामसनेहीघाट स्थित रामसनेही बाबा मंदिर से इनवर्टर, सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर, एलईडी टीवी व सीसीटीवी कैमरा चोरी किया गया था। उक्त घटनाओं के सम्बन्ध में थाना असन्द्रा,थाना रामसनेहीघाट पर पहले से मुकदमा दर्ज है। वीरेन्द्र कुमार आस पास के क्षेत्र के मन्दिरों से चोरी करता है, उसमें जो चांदी आदि के सामान मिलते हैं, ज्वैलर्स की दुकान पर सस्ते दामों में बेच देता है। इन सभी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *