उप्र के लखीमपुर में भीषण सड़क हादसे में दंपति समेत तीन की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने लिया संज्ञान

0
d6448099e0f1d92dd6dc6b96c9dcbe11_1944984079

लखीमपुर खीरी{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में गोला-लखीमपुर मार्ग पर थाना गोला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिसौरा के समीप गुरुवार अलसुबह घने कोहरे के चलते एक वैगन-आर कार को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में कार सवार दंपति समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम गोला प्रतीक्षा त्रिपाठी, तहसीलदार भीमसेन, प्रभारी गोला अंबर सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तुरंत राहत-बचाव कार्य कराया। इसके बाद दोनों अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभी गोला पहुंचे, जहां घायलों के उपचार की व्यवस्था की और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
एसडीएम गोला ने बताया कि गंभीर रूप से घायल मुकेश सिंह (25) को पहले जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी और वहां से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं परवेश सिंह (25) और तीन वर्षीय बच्ची मानवी सुरक्षित हैं। कार में कुल छह लोग सवार थे, जो सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं। सभी दिल्ली के राजौरी गार्डन क्षेत्र में रहते थे और बहराइच जिले में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। इस हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई है, उनमें सुनील सिंह (28) पुत्र वृंद्रा सिंह, उनकी पत्नी सुधा सिंह (26), वाहन चालक संतोष सिंह (30) पुत्र रमेश सिंह सभी निवासी ग्राम धर्मकुंडा, थाना रामगांव, जनपद बहराइच हैं।
जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक दुर्घटना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को पूरी मदद दी जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोला क्षेत्र में हुए सड़क हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *