बाराबंकी डीएम और एसपी ने किया जिला कारागार का औचक निरीक्षण

0
c5004e525e9432083e245b5b95ebbd2e

बाराबंकी{ गहरी खोज }: जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने सर्वप्रथम कारागार के मुख्य द्वार पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात अधिकारियाें ने कारागार के भीतरी परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार के कंट्रोल रूम पहुंचकर वहाँ से संचालित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था का गहनता से अवलोकन किया और निर्देश दिए कि कारागार की सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए। अधिकारियाें ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू एवं क्रियाशील रहें।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला बैरक, पुरुष बैरक, गौशाला एवं कारागार अस्पताल का भी निरीक्षण किया। बैरकों में बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, स्वच्छता, भोजन एवं पेयजल व्यवस्था का परीक्षण किया। अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कारागार में अनुशासन, स्वच्छता एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं नियमित रूप से संचालित की जाए। दाेनाें अधिकारियाें ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके समयबद्ध निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक, जेलर सहित कारागार के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *