समाहरणालय में मतदाता प्रतिज्ञा पाठ में अधिक मतदान कराने पर जोर

0
5cf9c61e1628fcee8418a98220b5cf1a

रांची{ गहरी खोज }: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 16 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस (25 जनवरी) के अवसर पर माई इंडिया माई वोट (मैं भारत हूं) थीम के अनुरूप समाहरणालय में गुरूवार को मतदाता प्रतिज्ञा पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने की।
इस अवसर पर निर्वाचन विभाग से जुड़े विभिन्न पदाधिकारी-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से मतदाता प्रतिज्ञा का पाठ किया। प्रतिज्ञा के माध्यम से लोकतंत्र के प्रति निष्ठा, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने एवं अधिक से अधिक नागरिकों को मतदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी अधिकारी-कर्मचारियों से मतदाता जागरूकता अभियानों को निरंतर चलाने और आगामी चुनावों में मतदाता सहभागिता बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने कहा कि सम्मानित कर्मचारियों के प्रयासों से जिले की मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाने में मदद मिली है। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रांची, सौरभ भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची, कुमार रजत, अपर समाहर्ता रांची, रामनारायण सिंह, अपर जिला दंडाधिकारी विधि-व्यवस्था रांची सहित अन्य माैजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *