राजस्थान के कई जिलों में कोहरा- सर्द हवा का असर, 22 जनवरी को आंधी-बारिश का येलो अलर्ट

0
43cf7cbcf83d2172a117bb3ffe8019ab_2002431791

जयपुर{ गहरी खोज } : राजस्थान में सोमवार सुबह मौसम का मिजाज बदला नजर आया। जयपुर, कोटा, बीकानेर, अलवर, दौसा, भरतपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। टोंक में हालात ज्यादा गंभीर रहे, जहां घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी घटकर मात्र 50 मीटर रह गई। उधर, बीकानेर में एक बार फिर सर्द हवाओं ने तापमान गिरा दिया, जिससे ठंड का असर बढ़ गया।
मौसम विभाग ने इस सप्ताह प्रदेश में मावठ होने की संभावना जताई है। विभाग ने 22 जनवरी को प्रदेश के छह जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले रविवार को कई जिलों में हल्के बादल छाए रहे, जिसके चलते तापमान में उतार-चढ़ाव रहा। बादलों के कारण दिन के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई और सुबह-शाम की तेज सर्दी से लोगों को मामूली राहत मिली।
टोंक जिला मुख्यालय के घंटाघर सहित आसपास का पूरा इलाका सोमवार सुबह कोहरे की चपेट में रहा। सुबह साढ़े सात बजे तक विजिबिलिटी करीब 50 मीटर रही, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीकानेर में सोमवार सुबह हल्का कोहरा रहा। पिछले दो दिनों से तापमान में बढ़ोतरी के बाद रविवार रात से सर्द हवाओं ने फिर से कड़ाके की ठंड का अहसास कराया। रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 10.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। रात से तड़के तक तापमान में गिरावट आई है। जिला कलेक्टर ने स्कूलों का समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक यथावत रखा है।
अलवर में सोमवार सुबह हल्की धुंध छाई रही। रविवार को कई इलाकों में बादल भी रहे। फिलहाल लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत महसूस हो रही है। रविवार को प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर मापा गया। वहीं, दिन के अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट आई।
पिछले 24 घंटे में बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में मौसम साफ रहा, जबकि जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में हल्के बादल छाए रहे। बादलों के कारण इन संभागों के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई।
रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 6.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया। जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और झुंझुनूं सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। इससे पहले रविवार सुबह अलवर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं में भी कोहरा देखा गया था।
प्रदेश में रविवार को बाड़मेर में 28, जैसलमेर 24.3, जोधपुर 27.2, उदयपुर 25.2, कोटा 25.5, जयपुर 26, अजमेर 25.7, अलवर 21.6, बारां 25.4, डूंगरपुर 25.5, पाली 25.4, झुंझुनूं 26.4, फतेहपुर 26.8, बीकानेर 24, चूरू 25.4 और श्रीगंगानगर 22.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा। दिन का सबसे अधिक तापमान पाली के जवाई में 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने, तापमान में उतार-चढ़ाव और कुछ इलाकों में बारिश-आंधी की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *