कानपुर में दुष्कर्म आरोपित दरोगा फरार, कानून व्यवस्था पर सवाल : अजय राय

0
31ee9c480f8ec392fa1064d7e8b831a9_1460627677

कानपुर{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में एक दरोगा ने किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और फरार हो गया। यही नहीं उसे भगाने के लिए पुलिस विभाग ने ही उसका साथ दिया। इसके अलावा दिखावे के लिए उस पर इनाम भी घोषित कर दिया गया। इससे यह साबित होता है कि यहां पर जंगल राज कायम है ओर योगी सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है। यह बातें बुधवार को कानपुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कही।
सचेण्डी में बालिका से सामूहिक दुष्कर्म का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। अब यह बात प्रदेश स्तर तक पहुंच गई है। पुलिस ने जहां एक ओर घटना के एक आरोपित यू-ट्यूबर शिवबरन यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि दूसरे आरोपित दरोगा अमित मौर्य को सस्पेंड कर दिया गया है। घटना के दूसरे दिन से वह फरार चल रहा है। जिस पर पचास हजार रुपये का इनाम भी घोषित है।
आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पीड़िता के परिजनों से मुलाकात करने जा रहे हैं। इससे पहले जाजमऊ पहुंचते ही पहले से मौजूद सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक कर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं पीड़िता के परिवार से मिलने जा रहा हूं। कांग्रेस पार्टी का हर एक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
उन्होंने आरोपित दरोगा को भगाने में पुलिस का हाथ बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दरोगा को बचाने के लिए पुलिस विभाग उसकी हर संभव मदद कर रहा है। जिससे वह अभी भी फरारी काट रहा है। यही कारण है कि बालिका को अभी तक न्याय नहीं मिला है। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय दिला कर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *