प्रतापीपुर में स्वर्गीय विजय नारायण चतुर्वेदी की स्मृति में कंबल वितरण समारोह आयोजित
प्रतापीपुर { गहरी खोज }: उरुवा बाजार से सुनील सिंह गहलोत की रिपोर्ट।प्रतापीपुर गांव में समाजसेवी स्वर्गीय विजय नारायण चतुर्वेदी की पुण्य स्मृति में कंबल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया×गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश पासवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने स्वर्गीय विजय नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि देने के साथ की।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान ने स्वर्गीय विजय नारायण चतुर्वेदी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। मंत्री ने क्षेत्र के विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने सहजनवा–दोहरीघाट रेलवे लाइन परियोजना को क्षेत्र के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसके शीघ्र क्रियान्वयन की बात कही। साथ ही धुरियापार चीनी मिल क्षेत्र में उद्योगों के विकास की संभावना पर जोर देते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान ठंड से राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सैकड़ों गरीब व जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल वितरित किए गए। कंबल पाकर ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। लोगों ने इस आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय सामाजिक पहल बताया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में सोमेश चतुर्वेदी और सौरभ चतुर्वेदी ने कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों, ग्रामीणों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन न केवल स्वर्गीय विजय नारायण चतुर्वेदी को सच्ची श्रद्धांजलि रहा, बल्कि सामाजिक सरोकार और जनकल्याण की भावना को भी मजबूती देने वाला सिद्ध हुआ।
