केंद्र की मदद 10000 करोड़ से अधिक, सही से खर्च करें कांग्रेस सरकार : सुरेश कश्यप

नाहन{ गहरी खोज }: शिमला संसदीय क्षेत्र से सांसद सुरेश कश्यप ने शुक्रवार को नाहन में प्रदेश में हाल ही में आई आपदा और केंद्र सरकार की ओर से दी जा रही राहत सहायता पर जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को आपदा के समय हर संभव सहायता दी है। कश्यप ने बताया कि अब तक राज्य को आपदा राहत के तहत 5125 करोड़ रुपये विभिन्न मदों में प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धर्मशाला से 1500 करोड़ रुपये की अतिरिक्त सहायता की घोषणा की है। इस प्रकार कुल 6625 करोड़ रुपये की सहायता राज्य को आपदा राहत के लिए मिली है। इसके अलावा, विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित लगभग 3000 करोड़ रुपये की लागत से एक शोध संस्थान भी स्वीकृत किया गया है, जो आपदाओं के कारणों पर अध्ययन करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हिमाचल प्रदेश को एक लाख मकानों की स्वीकृति मिली है और इनके निर्माण की गति तेज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही 1 लाख करोड़ से अधिक के नेशनल हाईवे व अन्य परियोजनाएं राज्य में प्रगति पर हैं।कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, त्रिपुरा और असम जैसे राज्यों ने भी हिमाचल की मदद के लिए 5-5 करोड़ रुपये भेजे हैं और 50 से अधिक राहत सामग्री से भरे ट्रक भी राज्य को भेजे गए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि केंद्र से मिली सहायता राशि का पारदर्शी तरीके से उपयोग हो और भाई-भतीजावाद से बचा जाए।