आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत और आर्थिक सहायता की मांग की

0
a33a247b92752712bc8e5dc464c62981

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: आम आदमी पार्टी (आआपा) की नेता एवं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार तुरंत राहत राशि दे ताकि उनकी जिंदगी सामान्य हो सके।
आतिशी ने आज पत्रकार वार्ता में कहा कि दिल्ली में यमुना से आई बाढ़ ने राजधानी के हजारों परिवारों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर दी है। यमुना के पास इलाके में आई बाढ़ से दिल्ली के हजारों परिवार बेघर हो गए हैं। बच्चों की किताबें, सामान, उनके डॉक्यूमेंट्स सब नष्ट हो गए हैं। लोग 10 दिन से काम पर नहीं जा पाए हैं, हाथ में एक पैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार से अपील करती हूं कि प्रभावित परिवार के हर बालिग सदस्य को तुरंत 18,000 रुपये राहत राशि और हर परिवार को नुकसान के हिसाब से मुआवजा दिया जाए। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में राहत शिविरों में पानी, बिजली, साफ-सफाई और खाने की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रभावित परिवार बहुत दुखी हैं, उनका बहुत नुकसान हुआ है। सरकार को अपनी जिम्मेदारी से भागना नहीं चाहिए।
उन्होंने दिल्ली सरकार से इस प्रकार की मांग कि है बाढ़ से प्रभावित परिवारों के बच्चों को नई किताबें, कॉपियां और स्कूल का सामान मिले, यमुना किनारे खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 20,000 रुपये मुआवजा मिले और बाढ़ प्रभावित इलाकों में ही कैंप लगाकर उनके जरुरी डॉक्यूमेंट्स दोबारा बनवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता परेशान है कई इलाकों में पानी उतरने के बाद बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। बच्चों और बुजुर्गों के लिए हालात और भी कठिन हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग उम्मीद कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री उनकी पुकार सुनते हुए तुरंत प्रभावी कदम उठाएं और हर परिवार को आर्थिक मदद देकर उन्हें राहत पहुंचाएं। आतिशी ने कहा कि दिल्ली की जनता का मानना है कि सरकार अगर समय पर सहायता राशि दे तो प्रभावित परिवार अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश कर पाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *