बाबा महाकाल की कृपा से पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा सिंहस्थ 2028, मप्र में तीर्थाटन को दिया जाएगा बढ़ावा : मुख्यमंत्री

- मुख्यमंत्री ने उज्जैन में मिट्टी की गणेश की प्रतिमा वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया
उज्जैन{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर हार्दिक मंगलकामना एवं शुभकामनाएं देते हुए उज्जैन में लोकमन्य तिलक गणेश उत्सव महाआयोजन समिति द्वारा आयोजित मिट्टी से बनी गणेश की मूर्ति वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा से इस बार उज्जैन में सिंहस्थ 2028 पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगा। उज्जैन में तीर्थाटन को बढ़ावा दिया जाएगा, उज्जैन के विकास में किसी प्रकार कि कमी नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मिट्टी से बनी मुर्तियों के वितरण कार्यक्रम के प्रारंभ में भगवान श्री गणेश का पूजन-अर्चन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में श्रीगणेश को प्रथम पूज्य देवता माना गया है। रिद्धि-सिद्धिदाता शुभ कार्य को सफल बनाते हैं, इसलिए हर मंगल कार्य के आरंभ में श्रीगणेश जी की वंदना अनिवार्य समझी गई है। हमारी प्रकृति का यही संदेश घर-घर हो मिट्टी के श्री गणेश।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वदेशी के वातावरण के साथ मिट्टी के श्रीगणेश के वितरण का उत्सव मनाया जा रहा है। यह हमारे लिए आनन्द का उत्सव है। भगवान की कृपा से देश के विकास के साथ- साथ प्रदेश का विकास हो रहा है, यह हमारे लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि उज्जैन शहर का निरंतर सोन्दर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। साथ ही सड़क निर्माण, चौड़ीकरण आदि कार्यो के साथ र्शीघ्र ही शहर में फ्लाईओवर सड़को का निर्माण किया जाएगा। साथ ही पीथमपुर से इंदौर से उज्जैन तक मेट्रो ट्रेन भी चलेगी। उन्होंने कहा कि गोपाल मंदिर चौक का शीघ्र विस्तारीकरण किया जायेगा।
कार्यक्रम के प्रारंभ में स्वागत भाषण विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने दिया। कार्यक्रम में विधायक जैन, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, संजय अग्रवाल आदि ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आत्मीय स्वागत किया और श्री गणेश की प्रतिमा भेट की। कार्यक्रम में विवेक जोशी, रूप पमनानी, रमेशचंद्र शर्मा, सत्यनारायण खोईवाल, विशाल राजोरिया, शिवेंद्र तिवारी, ओम जैन, पार्षद गण आदि उपस्थित थे।