मुख्यमंत्री का यूएस दौरा – चौथा दिन
वाशिंगटन डीसी में मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल की वॉलमार्ट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट श्री डेन ब्रायंट के साथ वन-टू-वन बैठक
गुजरात के एमएसएमई और छोटे कारीगरों के लिए वैश्विक बाजारों में नए अवसरों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
गांधीनगर, 20 अगस्त: मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल गुजरात शिष्टमंडल के साथ अमेरिका और कनाडा के एक सप्ताह के दौरे पर हैं। सैन फ्रांसिस्को का सफल दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री बुधवार को वाशिंगटन डीसी पहुंचे।
वाशिंगटन डीसी में मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने वन-टू-वन बैठकों की शृंखला के तहत वॉलमार्ट के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट श्री डेन ब्रायंट के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में गुजरात के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) तथा छोटे कारीगरों के लिए वैश्विक बाजारों में नए अवसर उपलब्ध कराने और उनकी गुणवत्ता एवं निर्यात क्षमता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
श्री ब्रायंट ने बताया कि वॉलमार्ट ने अपने ग्रोथ कार्यक्रम के तहत वर्ष 2019 से अब तक 1.15 लाख से अधिक एमएसएमई को प्रशिक्षण दिया है और वर्ष 2028 तक 1.70 लाख एमएसएमई को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल ने वॉलमार्ट और राज्य सरकार के संबंधित विभागों के सहयोग से कार्यशालाओं के माध्यम से गुजरात के एमएसएमई की विभिन्न सेक्टरों में संभावनाओं की पहचान करने पर चर्चा की।
बैठक में अगले 3 से 4 महीनों के दौरान गुजरात के एमएसएमई और छोटे कारीगरों के लिए संभावित वैश्विक अवसरों पर संयुक्त रूप से कार्य करने पर भी सहमति बनी। इस दिशा में आगामी वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2027 के दौरान एक स्पष्ट रोडमैप घोषित करने को लेकर भी फलदायी विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में मुख्य सचिव श्री एम.के. दास, वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री टी. नटराजन, उद्योग विभाग की अपर मुख्य सचिव सुश्री ममता वर्मा तथा मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री संजीव कुमार भी उपस्थित रहे।
