जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने जैकलीन फर्नांडिस की याचिका पर सुनवाई से खुद को किया अलग

0
Jacqueline-Fernandez

मुम्बई{ गहरी खोज }: 200 करोड़ रुपए के चर्चित मनी लॉन्ड्रिंग और जबरन वसूली मामले में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस की याचिका पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। अब यह मामला नई पीठ के समक्ष रखा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, जैकलीन फर्नांडिस की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा ने कहा कि वह इस मामले की सुनवाई नहीं कर सकते, क्योंकि इस प्रकरण से जुड़े एक अन्य मामले में उनका बेटा वकील है। ऐसे में निष्पक्षता ध्यान में रखते हुए उन्होंने खुद को सुनवाई से अलग करने का फैसला किया है अब इस मामले की सुनवाई दूसरी पीठ करेगी। जानकारी के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने मामले को 24 जून के लिए सूचीबद्ध किया है। अब नई बेंच यह तय करेगी कि जैकलीन फर्नांडिस की याचिका पर आगे क्या रुख अपनाया जाए।
जैकलीन फर्नांडिस ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट के 30 मई के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। ट्रायल कोर्ट ने अपने आदेश में जैकलीन, सुकेश चंद्रशेखर, उसकी पत्नी लीना पॉल और 14 अन्य आरोपितों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत आरोप तय करने का निर्देश दिया था। इसी आदेश के खिलाफ अभिनेत्री सुप्रीम कोर्ट पहुंची हैं। जैकलीन का कहना है कि उपलब्ध तथ्यों और सबूतों के आधार पर उनके खिलाफ आरोप तय किया जाना उचित नहीं है, जिसके चलते उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से ट्रायल कोर्ट के आदेश को रद्द करने की मांग की।
यह पूरा मामला 200 करोड़ की जबरन वसूली और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में रहते हुए एक कारोबारी की पत्नी से करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी और वसूली की थी। ईडी का दावा है कि इस कथित अपराध से प्राप्त धन का इस्तेमाल कई लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया।
जांच एजेंसी के अनुसार, जैकलीन फर्नांडिस को भी सुकेश चंद्रशेखर की ओर से करोड़ों रुपए की कीमत के महंगे उपहार मिले थे। आरोप है कि इन उपहारों में लग्जरी कारें, कीमती गहने, महंगे ब्रांड के बैग और अन्य महंगी चीजें शामिल थीं।
ईडी ने यह भी दावा किया है कि जैकलीन के परिवार के कुछ सदस्यों को भी आर्थिक लाभ पहुंचाया गया था। अभिनेत्री की बहन के विदेशी बैंक खाते में बड़ी रकम भेजी गई, जबकि उनके भाई के खाते में भी धनराशि जमा कराई गई थी। हालांकि जैकलीन फर्नांडिस लगातार इन आरोपों से इनकार करती रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *