‘नेतृत्व नहीं, एक युग की चेतना हैं पीएम मोदी’, सबसे लंबे कार्यकाल पर : योगी
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही देखने को मिलते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है।
सीएम योगी ने बताया जनविश्वास का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।”
‘नेतृत्व एक युग की चेतना का प्रतीक’
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है। राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।”
केशव प्रसाद मौर्य ने भी दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4,399 दिनों तक देशवासियों की सेवा लोकतंत्र की उस शक्ति का प्रमाण है, जिसमें साधारण और गरीब परिवार से निकलकर आया एक व्यक्ति अपने अथक परिश्रम, मजबूत संकल्प और जनसेवा के बल पर देश का सर्वोच्च जनादेश प्राप्त करता है। बिना किसी राजनीतिक विरासत, वंशवाद या विशेषाधिकार के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की आपकी यात्रा करोड़ों युवाओं, गरीबों, वंचितों, पिछड़ों और श्रमजीवी परिवारों के सपनों को नया विश्वास देती है।”
लोकतंत्र को नई ऊर्जा देने का किया जिक्र
मौर्य ने कहा, “आपके नेतृत्व ने भारतीय राजनीति में दशकों से चली आ रही वंशवादी सोच और सत्ता के एकाधिकार को चुनौती देने के साथ लोकतंत्र को नई ऊर्जा प्रदान की है। सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आपने करोड़ों गरीब परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाकर जनविश्वास को और सशक्त बनाया है। आज आपका यशस्वी नेतृत्व उन करोड़ों भारतीयों की आशाओं और आकांक्षाओं का प्रतीक है, जिन्हें लंबे समय तक व्यवस्था के हाशिये पर रखा गया था। आपने यह विश्वास मजबूत किया है कि लोकतंत्र में जनसेवा ही सबसे बड़ी पहचान होती है।”
बाबा विश्वनाथ से की दीर्घायु की कामना
उपमुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर ऊर्जा प्राप्त हो, ताकि उनके कुशल नेतृत्व में देश अमृतकाल की यात्रा को और सफल बनाते हुए विकसित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और गौरवशाली राष्ट्र के रूप में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहे।
