राजग की बुधवार को बड़ी बैठक, प्रधानमंत्री का होगा अभिनंदन

0
51d40e9b-69ee-428e-859c-b38a54564504.jpg

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक बड़ी बैठक बुधवार को भारत मंडपम में आयोजित होने जा रही है। यह बैठक बुधवार को दोपहर तीन बजे होगी। बैठक में राजग की सरकार वाले राज्यों के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री के साथ ही सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे। इस बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और टीडीपी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू नरेन्द्र मोदी के सबसे अधिक समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने के रिकॉर्ड के संबंध में अभिनंदन प्रस्ताव रखेंगे और अन्य सहयोगी दलों के नेता इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। बैठक में प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा। इस प्रस्ताव में बतौर प्रधानमंत्री पिछले बारह साल की उपलब्धियों का जिक्र किया जाएगा। इसके साथ सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर सरकार की उपलब्धियों और आगामी चुनावों पर चर्चा की जा सकती है।
इस बैठक में शामिल होने के लिए राजग के मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों के दिल्ली आने का सिलसिला शुरू हो गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू बुधवार को दिल्ली पहुंच रहे हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को शाम को दिल्ली पहुंच रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस यानि एनडीए या राजग सरकार ने जून 2026 में अपने 12 साल का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा कर लिया है। 26 मई 2014 को पहली बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले नरेन्द्र मोदी ने 9 जून 2024 को लगातार तीसरी बार इस पद की शपथ ली थी। 9 जून 2026 को प्रधानमंत्री के रूप में उनके 4,398 दिन (12 साल 15 दिन) पूरे हुए। इसके साथ ही, उन्होंने आजाद भारत में सबसे लंबे समय तक चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री पद पर बने रहने का रिकॉर्ड बना दिया।
इस मामले में उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। पंडित नेहरू वैसे तो 15 अगस्त 1947 से लेकर अपनी मृत्यु (27 मई 1964) तक कुल 6,130 दिनों के लिए प्रधानमंत्री रहे थे, लेकिन देश के पहले आम चुनाव होने से पहले के शुरुआती 5 साल वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे। जब 1952 में चुनाव जीतकर वह पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री बने, तो वहां से उनका कार्यकाल 4,397 दिन (12 साल 14 दिन) का रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *