भगवान रुद्रनाथ की देव डोली हिमालय के लिए हुई रवाना, 18 मई को खुलेंगे कपाट
देहरादून{ गहरी खोज }: चमोली जनपद में स्थित पंच केदारों में चतुर्थ केदार भगवान रुद्रनाथ की चल विग्रह डोली रविवार काे अपने शीतकालीन गद्दी स्थल गोपीनाथ मंदिर, गोपेश्वर से मध्य हिमालय स्थित रुद्रनाथ मंदिर के लिए रवाना हो गई।
मंदिर के मुख्य पुजारी हरीश भट्ट ने बताया कि रुद्रनाथ मंदिर के कपाट सोमवार 18 मई को मध्याह्न में परंपरानुसार एवं वैदिक विधि-विधान के साथ ग्रीष्मकाल के लिए खोले जाएंगे। कपाट खुलने के बाद श्रद्धालु भगवान रुद्रनाथ के एकानन स्वरूप के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे। आज कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत गोपीनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। पूजा के बाद भगवान रुद्रनाथ की देव डोली जयकारों, पुष्प वर्षा और सेना के बैंड की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं के साथ मंदिर के लिए प्रस्थान कर गई।
इस अवसर पर चमोली के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम, राज्यमंत्री हरक सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, नगरपालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, मंदिर समिति अध्यक्ष मनोज भट्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित बड़ी संख्या ओं श्रद्धालु उपस्थित थे।
