डीटीसी बस में यात्री का बैग काटकर जेवर चोरी करने वाला बदमाश गिरफ्तार, लाखों के गहने बरामद

0
253556c26bbd91fbe3a2aa7f07b15e6a

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: बाहरी जिला पुलिस की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल यूनिट ने डीटीसी बस में यात्री का बैग काटकर सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सुल्तानपुरी निवासी 48 वर्षीय संजय के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद की है। आरोपित पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह मीणा ने रविवार को बताया कि 12 मई को पश्चिम विहार पश्चिम थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह किसी काम से नई दिल्ली आया था। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से बहादुरगढ़ जाने के लिए उसने डीटीसी बस पकड़ी। जब बस मादीपुर इलाके के पास पहुंची तो कुछ संदिग्ध लोगों ने उसके बैग को घेर लिया। बाद में उसने देखा कि बैग में रखे सोने-चांदी के जेवर और पांच हजार रुपये नकद चोरी हो चुके थे। मामले में ई-एफआईआर संख्या 80038939/26 के तहत केस दर्ज कर जांच जिले की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल को सौंपी गई। इंस्पेक्टर रितेश राज की देखरेख में टीम गठित की गई।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार जांच के दौरान पुलिस टीम ने डीटीसी बस के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के विश्लेषण में संदिग्ध की तस्वीरें निकाली गईं। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपित के बारे में जानकारी जुटाई गई। 15 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित डी-ब्लॉक सुल्तानपुरी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां छापा मारकर आरोपित संजय को दबोच लिया। पूछताछ में उसने बस में बैग से जेवर और नकदी चोरी करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चार सोने के झुमके, तीन सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, मोती की चेन के साथ एक गोल्ड लॉकेट और छह चांदी की पायल बरामद की हैं।
जांच में पता चला कि आरोपित पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट समेत चार मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *