पश्चिम एशिया संकट: भारतीय नाविक सुरक्षित, घरेलू एलपीजी सप्लाई और ईंधन-गैस वितरण निर्बाध

0
197ae433060af94402a7815320ed0c7e

नई दिल्ली { गहरी खोज }: पश्चिम एशिया में चल रहे ईरान-अमेरिका और इजराइल संघर्ष के दौरान केंद्र सरकार ने बताया कि पेट्रोलियम और गैस सप्लाई में आ रही अड़चनों के बावजूद देश में तेल और गैस की आपूर्ति सामान्य है। साथ ही दावा किया है कि जल मार्ग से देश से बाहर ढुलाई का कार्य कर रहे सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं, घरेलू एलपीजी आपूर्ति सामान्य स्तर पर लौट आई है और ईंधन-गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।
केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने यहां राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में रोजाना अंतर मंत्रालयी पत्रकार वार्ता में बताया कि पिछले 24 घंटों में किसी भी भारतीय ध्वज वाले जहाज पर कोई घटना दर्ज नहीं हुई है और हमारे नाविक सुरक्षित हैं। भारतीय ध्वज वाला क्रूड ऑयल टैंकर देश की सीमा में 18 मार्च को सुरक्षित रूप से प्रवेश कर चुका है और 31 भारतीय नाविकों के साथ आज शाम मुंबई पहुंचने की उम्मीद है। मंत्रालय अब तक 2,615 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी करा चुका है, जिनमें पिछले 24 घंटों में 25 नाविक शामिल हैं।
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि घरेलू एलपीजी आपूर्ति सामान्य स्तर पर लौट आई है। अप्रैल में एक लाख टन से अधिक एलपीजी की आपूर्ति की गई है और एक लाख से अधिक सिलेंडर वितरण में हैं। सरकार पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) को बढ़ावा दे रही है और कनेक्शन व अवसंरचना में तेजी से वृद्धि हो रही है। नए एलपीजी ग्राहकों की संख्या भी बढ़ी है और रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता पर काम कर रही हैं। हाल ही में हजारों छापेमारी की गई हैं और सिलेंडर जब्त किए गए हैं। तेल विपणन कंपनियां भी जमाखोरी और अवैध बिक्री रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण कर रही हैं।
उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की संयुक्त सचिव निधि केसरीवानी ने कहा कि पेट्रोलियम और विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पेसो) ने ईंधन और गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई आदेश जारी किए हैं। 41 बायोगैस सिलेंडर भराई और भंडारण संयंत्रों को मंजूरी दी गई है तथा 14 संयंत्रों को लाइसेंस प्रदान किया गया है। मिट्टी के तेल की मांग को देखते हुए अस्थायी भंडारण छूट दी गई है, जिसमें 2,500 लीटर तक उच्च गुणवत्ता वाले मिट्टी के तेल और एकबारगी 5,000 लीटर पीडीएस मिट्टी के तेल के भंडारण की अनुमति दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *