सत्ता में आने पर आर्थिक पुनरुद्धार और औद्योगिक विकास पहली प्राथमिकता होगीः अमित शाह

0
image001W5GE

कोलकाता{ गहरी खोज }: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव इस बार केवल भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मतदान नहीं बल्कि अवैध घुसपैठ, भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराध के विरुद्ध जनमत है।
उत्तर 24 परगना जिले के दमदम (उत्तर) विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के मतदान में मतदाता जब इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन का बटन दबाएंगे, तो वह केवल भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए नहीं होगा, बल्कि अवैध घुसपैठ, भ्रष्टाचार और महिलाओं पर अत्याचार के खिलाफ मतदान होगा।
अमित शाह ने अपने भाषण में कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के प्रभाव में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी अप्रासंगिक बयान देने लगे हैं। शाह ने दावा किया कि असम में कांग्रेस को अब तक का सबसे खराब परिणाम मिलेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कांग्रेस खाता खोल सकती है लेकिन तमिलनाडु और पुडुचेरी में वह दोहरे अंक तक नहीं पहुंचेगी।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी ने अवैध घुसपैठियों को शरण देने के लिए कोलकाता को झुग्गियों का शहर बना दिया है। शाह ने कहा कि संदेशखाली समेत राज्य के कई इलाकों में महिलाएं अवैध घुसपैठियों से परेशान हैं, लेकिन महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद ममता बनर्जी चुप हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कई घुसपैठिए आज तृणमूल कांग्रेस के नेता बन चुके हैं।
अमित शाह ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो नई सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में आर्थिक पुनरुद्धार और औद्योगिक विकास होगा। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल कभी देश का औद्योगिक केंद्र था लेकिन अब उद्योग एक-एक कर बंद हो रहे हैं या अन्य राज्यों में जा रहे हैं। शाह के अनुसार, पिछले 15 वर्षों में राज्य के 6,000 उद्योग बंद हुए हैं या स्थानांतरित हुए हैं, जिसके लिए उन्होंने तृणमूल कांग्रेस नेताओं द्वारा चलाए जा रहे वसूली तंत्र को जिम्मेदार ठहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *