प्रधानमंत्री मोदी को ‘आतंकवादी’ कहना 140 करोड़ भारतीयों का अपमान: पीयूष गोयल

0
202604213758495

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को ‘आतंकवादी’ कह दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने अपने बयान पर सफाई भी दी। इसी बीच, अब भाजपा नेताओं ने खड़गे के इस बयान को 140 करोड़ भारतीयों का अपमान बताया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतनी नीचता पर उतर आए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं और उन्हें ‘आतंकवादी’ कह रहे हैं।”
“राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत की उस जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए, जिसने उन्हें वोट देकर सत्ता में पहुंचाया है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस और डीएमके ने अपने इस बयान से 140 करोड़ भारतीयों को अपमानित किया है, जिसमें हमारे 8 करोड़ तमिल भाई-बहन भी शामिल हैं। यह अपवित्र गठबंधन, प्रधानमंत्री को निशाना बनाकर, असल में भारतीयों को ही आतंकवादी कह रहा है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री पर इस तरह के निजी हमले उनके चुनावी भविष्य को नहीं बदल पाएंगे, जो उन लोगों के गुस्से के कारण पहले ही तय हो चुका है, जिन्होंने उनके कुशासन को झेला है।
लोकसभा सांसद और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को आतंकी कहना कोई भूल नहीं है। अगर वह सफाई दे रहे हैं तो आप याद रखिए, ये कांग्रेस का जानबूझकर किया गया षड्यंत्र है। कुछ दिनों से हम सभी देख रहे हैं कि कांग्रेस के तमाम नेताओं समेत राहुल गांधी पीएम मोदी को लेकर किस तरह की अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने भाषणों में पीएम मोदी के लिए तू-तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। आज तो हद हो गई, जब राहुल गांधी के कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह दिया। ये वही पार्टी है, जो ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहती है और बड़े-बड़े आतंकियों के साथ खड़ी रहती है। कांग्रेस जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है और पीएम मोदी को आतंकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *